सिडकुल कोतवाली क्षेत्र में पत्नी से अवैध संबंध के शक में पति ने अपने दोस्त के सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा व अन्य सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद युवक का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि धर्मेंद्र (42) और उसका दोस्त ललित (38) निवासीगण ग्राम नौगांव थाना स्यौहारा जिला बिजनौर रावली महदूद में सुखवीर सिंह के मकान में कुछ वर्षों से किराये पर रह रहे थे। दोनों एक कंपनी में कार्यरत थे। शुक्रवार रात करीब ढाई बजे सुखवीर सिंह निवासी रावली महदूद ने सूचना दी कि धर्मेंद्र ने अपने साथी ललित की सोते समय सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी है।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मकान मालिक के सामने ही आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। सुखवीर सिंह की तहरीर पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शव को कब्जे में लेते हुए फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
ये भी पढ़ें… Haridwar News: पति और सास, देवर पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज